बागेश्वर। बालीघाट-दोफाड़-धरमघर सड़क को इन दिनों खड़िया व्यवसायियों ने खड़िया के कट्टों से पाट दिया है। सड़क पर जगह-जगह खड़िया के कट्टों के ढेर लगे हुए हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है। वाहन संचालन में दिक्कत आ रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
बालीघाट से दोफाड़ होते हुए धरमघर जाने वाली सड़क पर खड़िया से कट्टों के ढेर दोफाड़, होराली, रीमा, बीसा में जगह-जगह पर खड़िया के सैकड़ों कट्टों के ढेर रखे हुए हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है। कई स्थानों पर यातायात संचालन में दिक्कत आ रही है। बारिश होने पर खड़िया रिसकर सड़क पर आ जाती है। इससे सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है।
सड़क को खड़िया डंपिंग जोन बना दिया गया है लेकिन सड़क की देखरेख करने वाले विभाग के साथ ही प्रशासन की नजर इस पर नहीं पड़ रही है। यातायात संचालन में बाधा बने यह कट्टे कब सड़क से हटेंगे, यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है। बागेश्वर के एसडीएम योगेंद्र सिंह का कहना है कि मामले को दिखवाया जाएगा। सड़क से खड़िया के कट्टों को हटवाया जाएगा।
नियमों की अनदेखी से लग रहा जाम
कपकोट(बागेश्वर)। कपकोट नगर पंचायत के भराड़ी बाजार में यातायात नियमों की अनदेखी के चलते लगातार जाम लग रहा है। जाम के कारण व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
भराड़ी बाजार में जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन से सुबह नौ से शाम पांच बजे तक भारी वाहनों और टैक्सियों के बाजार में प्रवेश पर लगाई है, इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे से साढ़े नौ बजे तक बाजार में जाम लगा रहा। बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापार मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, प्रकाश जोशी आदि ने बताया कि सुबह के समय स्कूल, कार्यालय को जाने वालों के अलावा दूरदराज के खरीदार और विभागीय कार्यों के चलते लोग बाजार में रहते हैं। ऐसे समय में डंपर, ट्रक और अन्य वाहनों के प्रवेश से बाजार में जाम लग रहा है। जाम में फंसने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार प्रशासन को बताने के बाद भी जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। इधर, थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि बाजार में यातायात नियंत्रित करने को पुलिस की तैनाती की गई है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
दो वाहन टकराए, हादसा बचा
कपकोट/बागेश्वर। भराड़ी बाजार में दो वाहन आपस में टकरा गए। बृहस्पतिवार की दोपहर को एक टैक्सी चालक गाड़ी को बैक कर रहा था, अचानक पीछे से आई दूसरी टैक्सी उससे टकरा गई। घटना में दोनों वाहनों को हल्का नुकसान हुआ है। व्यापारियों ने बताया कि वाहन चालकों की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था।