कपकोट (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के नगर से गांव तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। कहीं दिन तो कहीं रात को बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के भराड़ी, ऐठाण और पालीडुंगरा वार्ड समेत सरयू घाटी के गांवों में अधिक समस्या है। क्षेत्रवासियों ने जल्द आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
नगरवासियों का कहना है कि दिन के 24 घंटों में बमुश्किल छह से सात घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। अधिकांश समय बिजली गुल रहने से कार्यालयों के कामकाज से लेकर घर के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारियों के कारोबार में नुकसान हो रहा है। सीएससी चलाने वाले भी परेशान हैं।
कपकोट व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा कपकोटी और भराड़ी के अध्यक्ष बृजमोहन ऐठानी का कहना है कि बिजली की मार से व्यापारी सबसे अधिक परेशान हैं। सरयू घाटी के सूपी, मुनार, गासी, तरसाल, पतियासार, झूनी, खलझूनी, बैछम समेत तमाम गांवों में भी नियमित आपूर्ति नहीं रहने से लोगों में नाराजगी है।
पूर्व जिपं अध्यक्ष बसंती देव यूपीसीएल के ईई के समक्ष समस्या उठा चुकी हैं। बावजूद इसके सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को नगरवासियों ने यूपीसीएल के जेई को ज्ञापन देकर सात दिन के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। इस मौके पर सभासद दीपक ऐठानी, प्रवीण ऐठानी, ममता मेहता, बृजमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।