प्रदर्शन करते व्यापारी व क्षेत्रवासी।
- फोटो : अमर उजाला
भराड़ी में आबादी के निकट सुरक्षा दीवार का निर्माण करने और नदी में 25 प्रतिशत पानी छोड़ने की मांग को लेकर व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने उत्तर भारत हाइड्रो पॉवर लिमिटेड की निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का काम रुकवा दिया। प्रशासन ने इस मामले में कंपनी और क्षेत्रवासियों के साथ सोमवार को बातचीत करने की बात कही है।
उत्तर भारत हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट द्वारा सरयू नदी किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य चल रहा है। भराड़ी व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने आबादी के निकट सुरक्षा दीवार बनाने और 25 प्रतिशत पानी नदी में छोड़ने की मांग को लेकर कंपनी का निर्माण कार्य रुकवा दिया।
इस दौरान लोगों ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन और काम रोकने वालों में भराड़ी के व्यापार मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, प्रकाश जोशी, हडसन ऐठानी, कमल ऐठानी, जगदीश साही, सुरेश ऐठानी, महेश ऐठानी, कैलाश ऐठानी आदि शामिल थे। इधर, कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि नदी में किसी तरह का अतिक्रमण नहीं किया जा रहा है।
कंपनी के नाम पर सरकार से 180 मीटर जमीन अधिगृहीत है। इस समय 34 मीटर में सुरक्षा दीवार के निर्माण का काम चल रहा है।
कंपनी अपनी भूमि में सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य कर रही है। जहां तक नदी में पानी छोड़े जाने की बात है इसके लिए मौके पर जाकर देखा जाएगा कि सरकार के साथ हुए करार के अनुसार पानी छोड़ा जा रहा है या नहीं। इस पर कंपनी के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी। - रवींद्र सिंह बिष्ट, एसडीएम, कपकोट।
फोटो- 10 बीजीएस 01 पी - कपकोट में काम बंद कराने के बाद नारेबाजी करते व्यापारी और स्थानीय लोग।