बागेश्वर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते काफलीकमेड़ा के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। आपदा प्रभावित काफलीकमेड़ा (कपकोट) गांव के लोगों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम विनीत कुमार के सामने गुहार लगाई। राहत देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन भी किया।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, चौड़ा, पेठी, काफलीकमेड़ा के बीडीसी सदस्य चामू सिंह देवली के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। डीएम को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बीते 11 जून को अतिवृष्टि से काफलीकमेड़ा में जबरदस्त तबाही मची है। गांव को जोड़ने वाली पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। धाम सिंह पुत्र शेर सिंह का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया। तारा सिंह, बहादुर सिंह, चामू सिंह, बलवंत सिंह, पदम सिंह, केशर सिंह, धन सिंह, भूपाल सिंह, श्याम सिंह, अमर सिंह, लछम सिंह, दुर्गा सिंह, पुष्पा देवी समेत तमाम लोगों के मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है।
गांव में लगातार भूकटाव हो रहा है। लोग भयभीत हैं। गांव की सड़क को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। सड़क का मलबा खेतों में पट गया है। कृषि योग्य भूमि नष्ट हो गई है। पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हैं। नवनिर्मित पंचायतघर के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। सड़क निर्माण के कारण बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त होने की कगार पर है। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इन लोगों ने डीएम से क्षेत्र का मुआयना कर भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।