बागेश्वर। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के पंडित बीडी पांडे परिसर बागेश्वर में तैनात एक मात्र कनिष्ठ सहायक (लिपिक)का स्थानांतरण गरुड़ डिग्री कॉलेज हो गया है। कनिष्ठ सहायक का तबादला उच्चशिक्षा निदेशालय ने किया है। इधर कनिष्ठ सहायक के तबादले से परिसर कार्यालय का कामकाज बाधित हो गया है। अब कार्यालयी कामकाज करने के लिए कोई लिपिक नहीं है।
दरअसल, पंडित बीडी पांडेय परिसर बनने से पहले वहां कर्मचारी और प्राध्यापक सभी व्यवस्थाएं उच्चशिक्षा निदेशालय संचालित करता था लेकिन अब परिसर एसएसजे विवि अल्मोड़ा के अधीन है। पुरानी व्यवस्था के तहत परिसर कार्यालय में एक कनिष्ठ सहायक के भरोसे संचालित हो रहा था। अब उच्चशिक्षा निदेशालय ने अपने कनिष्ठ सहायक को वापस बुलाकर गरुड़ राजकीय महाविद्यालय में तैनात कर दिया है। इसके चलते परिसर कार्यालय के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे है। कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से लेकर कनिष्ठ सहायक तक कोई नहीं है सभी पद खाली हैं। वर्तमान में परिसर में प्रयोगशाला सहायक समेत नॉन टीचिंग स्टाफ में नौ कार्मिक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात है। संवाद
काेट
परिसर कार्यालय में कनिष्ठ सहायक की तैनाती के लिए विश्वविद्यालय को लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द कनिष्ठ सहायक समेत अन्य कार्यालय स्टाफ की तैनाती होगी।
- डॉ. दीपा कुमारी, निदेशक, परिसर बागेश्वर