बागेश्वर में पुल का नया प्लेटफार्म
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। गोमती नदी में बने पुराने मोटर पुल की मरम्मत का काम पूरा हो गया है। रविवार की शाम से पुल में वाहनों का संचालन शुरू हो गया। नेशनल हाईवे ने सरयू पुल की तर्ज पर इस पुल में भी कंक्रीट हटाकर लोहे की चादरों का फर्श बिछाया है। 1962 में बना गोमती पुल का कंक्रीट का फर्श कमजोर पड़ गया था। इसको देखते हुए एनएच ने इस कंक्रीट को तोड़कर इसके स्थान पर लोहे की चादरें बिछा दी है।
इसके ऊपर अब हॉटमिक्स की योजना है। पुल की मरम्मत के दौरान यातायात नए पुल से संचालित हो रहा था। एक ही पुल में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग रहा था। पिछले 10 दिनों से यातायात पुलिस को भी ट्रैफिक नियंत्रण में मशक्कत करनी पड़ रही थी। रविवार को पुल के सुधारीकरण का काम पूरा होने के बाद जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।