कपकोट अस्पताल को पीपीपी मोड से हटाने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन जारी है। रविवार को सलिंग की ग्राम प्रधान हंसी दयाराकोटी और भाजपा महिला उपाध्यक्ष बसंती बघरी अनशन में बैठीं। संघर्ष समिति ने मांगों को पूरा नहीं होने तक संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दोहराई।
तहसील परिसर में चल रहे क्रमिक अनशन स्थल पर आयोजित सभा में अध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि आंदोलन को लंबा समय हो चुका है लेकिन अभी तक उनकी मांग को नहीं सुना गया है। कहा कि पीपीपी मोड में चल रहे अस्पताल का क्षेत्र की जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और उपकरणों के अभाव में अस्पताल केवल रैफर सेंटर साबित हो रहा है। जब तक पीपीपी मोड से हटाकर अस्पताल को बेस चिकित्सालय बनाने को लेकर उचित कार्रवाई नहीं होती है अनशन जारी रखा जाएगा। कहा कि उनके आंदोलन को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। अनशन के समर्थन में प्रकाश जोशी, शेर सिंह, संदीप सिंह, भूपाल सिंह आदि ने धरना दिया।