बागेश्वर। दीपावली पर्व को देखते हुए रविवार को भी बाजार गुलजार रहा। सुबह से शाम तक दुकानों में खरीदारी करने के लिए लोग उमड़े। धनतेरस के दूसरे दिन भी बाजार में ग्राहकों की भीड़ रहने से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। महालक्ष्मी पूजा के लिए बाजार में गन्ने और फूल भी आने शुरू हो गए हैं।
इस साल धनतेरस शनिवार को होने के चलते अधिकांश लोगों ने वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि सामान बुक किए थे। कई लोगों ने खरीदारी अगले दिन के लिए छोड़ दी थी। सुबह से ही बाजार में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। मिठाई, खील, बताशे से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों की लाइन लगी। सरयू घाट पर लगी आतिशबाजी की दुकानों में खासी चहल-पहल देखने को मिली। व्यापारी दीपक मिश्रा, भुवन कर्नाटक, दीपक जोशी आदि ने बताया कि पांच रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के पटाखे, बम, फुलझड़ी, रॉकेट, अनार समेत तमाम आतिशबाजी की सामग्री बिक्री के लिए रखी गई है। सुबह के समय दुकानदारी हल्की थी। दिन चढ़ने के साथ ही ग्राहक आए और शाम तक अच्छी खरीदारी हुई। शाम तक ग्रामीण क्षेत्रों से महालक्ष्मी पूजा के लिए गन्ने और फूल भी बाजार में पहुंचने लगे थे।