बागेश्वर। धनतेरस और दीपावली के लिए बाजार सजने लगा है। दोपहिया वाहनों की खरीद के लिए लोग एडवांस बुकिंग कराने लगे हैं। इस बार की दीपावली में वाहनों की खरीद पर ग्राहकों को 10 प्रतिशत की जीएसटी कटौती का लाभ मिलेगा। कुछ दोपहिया वाहन कारोबारियों ने प्रत्येक वाहन की खरीद पर गिफ्ट कूपन, आकर्षक उपहार देने का भी एलान किया है। कारोबारियों को उम्मीद है कि इस साल दीपावली में जमकर वाहन बिकेंगे और खूब धनवर्षा होगी।
कोट
स्कूटी और बाइक की खरीद के लिए अब तक 42 वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। प्रत्येक वाहन की खरीद पर ग्राहकों को शत-प्रतिशत उपहार की गारंटी वाला गिफ्ट कूपन दिया जा रहा है। कूपन में पहला पुरस्कार जीतने पर बाइक दी जाएगी। बाकी ग्राहकों को भी आकर्षक उपहार मिलेंगे। - विनोद ऐठानी, वाहन विक्रेता, विकास भवन रोड, बागेश्वर
दीपावली पर दोपहिया वाहनों की खरीद के लिए ग्राहकों में काफी उत्साह दिख रहा है। बागेश्वर और गरुड़ के प्रतिष्ठानों में 25 से अधिक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। जीएसटी कटौती के साथ-साथ प्रत्येक वाहन की खरीद पर ग्राहकों को आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। - तरुण खेतवाल, वाहन विक्रेता, तहसील रोड, बागेश्वर
जीएसटी कटौती का दोपहिया वाहन खरीदारों को शत-प्रतिशत लाभ दिया जा रहा है। दीपावली के लिए 22 वाहनों की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है। अधिकांश लोग दीपावली पर वाहनों की खरीद करते हैं। वाहनों की कीमतों में कमी के चलते अच्छे कारोबार की उम्मीद है। - हरीश चंद्र जोशी, वाहन कारोबारी, ठाकुरद्वारा