बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार की नंदा गौरा योजना के तहत बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि विस्तारित कर दी गई है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से अधिसूचना जारी कर सूचित किया है कि 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 20 दिसंबर 2025 तक कर दी गई है।
विभाग ने बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों और अभिभावकों के अनुरोध पर आवेदन तिथि को विस्तारित किया है। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इस योजना का लाभ देना है। योजना का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को रोकना, लिंगानुपात में सुधार लाना और बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत बालिका के जन्म पर और 12वीं उत्तीर्ण करने पर कुल 51,000 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से एकमुश्त दिए जाने का प्रावधान है। जिले में अब तक जन्म के कुल प्राप्त आवेदनों की संख्या 207 और 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं के कुल प्राप्त आवेदनों की संख्या 1039 है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 12वीं उत्तीर्ण करने वाली तथा उच्च शिक्षा में प्रवेश करने वाली बालिकाओं को इस योजना के लिए विशेष अवसर दिया जा रहा है। इच्छुक और पात्र आवेदक योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवजात कन्या के जन्म के छह माह के अंदर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों को मिल सके इसके लिए नंदा गौरा के आवेदन की तिथि विस्तारित की गई है। पात्र अभ्यर्थियों से अपील है कि अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को पूरा करें।
-डॉ. मंजुलता यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग बागेश्वर