ट्रांसफार्मर फुंकने से जिले का खर्कटम्टा क्षेत्र चार दिनों से अंधेरे में है। बिजली नहीं होने से बोर्ड परीक्षार्थी परेशान हैं। सूचना के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदलने से लोगों में आक्रोश है।
चार दिन पूर्व खर्कटम्टा में लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे खर्कटम्टा और ज्यूला गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
चार दिनों से लोग अंधेरे में हैं। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों के साथ ही बोर्ड परीक्षार्थी परेशान हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बिजली नहीं होने का असर संचार सेवाओं पर भी पड़ रहा है। ग्रामीण अपने मोबाइल चार्ज नहीं कर पा रहे हैं।
मोबाइल की बैटरी चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ रहा है। कांग्रेस आईटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उमेश उपाध्याय, योगेश कुमार, प्रवीण कुमार, अनिल टम्टा, धीरज कुमार, आशीष आदि ने बताया कि सूचना देने के बाद भी विद्युत विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता से शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।