फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: जंगली जानवरों से फसलों के नुकसान का मुद्दा छाया

Mon, 27 Feb 2023 11:17 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागेश्वर
विज्ञापन
क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में अपनी बात रखते एक जनप्रतिनि​धि। संवाद
विज्ञापन
बागेश्वर। क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में मौसम की मार और जंगली जानवरों के आतंक से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली की समस्याएं उठाईं। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सदस्यों में नाराजगी देखने को मिली। नोकझोंक के बीच सदस्यों ने अपनी समस्याओं को रखा।
विज्ञापन

कपकोट ब्लॉक सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने अधिकारियों से समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करते हुए शिकायतकर्ता को सूचना देने के लिए कहा। नौकोड़ी के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बारिश नहीं होने से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने जंगली जानवरों से किसानों को होने वाले नुकसान से राहत दिलाने की मांग की। सिमगढ़ी के प्रतिनिधियों ने कृषि मोबाइल यूनिट स्थापित करने और मौसमी सब्जी के बीज उपलब्ध कराने के लिए कहा।
सुमटी के ग्राम प्रधान ने कनलगढ़घाटी में सब्जी और फलों का उत्पादन बढ़ाने, वाछम की क्षेत्र में फैले वायरल की रोकथाम के लिए गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने, तीख के प्रधान ने हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर में सीएचओ और फार्मासिस्ट की तैनाती करने, क्षेपं सदस्य सिमगढ़ी ने जलमानी अस्पताल का उच्चीकरण करने, बोरबलड़ा के प्रधान ने प्राथमिक और जूनियर स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने गांवों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने और बिना मीटर रीडिंग के बिजली के बिल नहीं भिजवाने की मांग की। अधिकारियों ने विभागीय कार्य और योजनाओं की जानकारी दी।
विज्ञापन

सीडीओ संजय सिंह ने अधिकारियों से ग्राम पंचायत की खुली बैठकों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने और दूरस्थ गांवों में सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। बैठक में उठी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के लिए कहा। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख हरीश मेहरा, कनिष्ठ प्रमुख कविंद्र सिंह गढ़िया, एसडीएम मोनिका समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कर्मी के सापुली तोक को सड़क से जोड़ने की मांग कई बार बीडीसी बैठक में उठा चुकी हूं लेकिन अब तक सड़क निर्माण की पहल शुरू नहीं हो सकी है। हमारी मांगें केवल बैठक तक ही सीमित हो गई हैं। - कौशल्या देवी, ग्राम प्रधान कर्मी।
ग्रामीण अंचलों में किसानों को कृषि उपकरण नहीं मिल पा रहे हैं। कई बार विभाग से पावर वीडर और अन्य कृषि उपकरणों का पात्र लोगों को लाभ दिलाने की मांग बैठक में की जा चुकी है। सदस्यों को भ्रमण कार्यक्रमों की जानकारी भी नहीं मिलती है। - अर्जुन भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य चौनाला।
दूरस्थ गांवों को बैंकिंग सेवा का लाभ नहीं मिलता। बैंकिंग प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाना भी जरूरी है। हिमालय से सटे गांवों के विकास की गति को तेज किया जाना चाहिए। - महेश दानू, ग्राम प्रधान डौला।
आपदा से प्रभावित कृषि भूमि में सुरक्षा के उपाय नहीं किए जा रहे हैं। स्वरोजगार के लिए मिलने वाले ऋण का ग्रामीण इलाकों में प्रचार-प्रसार होना चाहिए। ग्रामीणों को कई योजनाओं की जानकारी ही नहीं है। बैठक में मामला उठाने के बाद भी असर नहीं हो रहा। - केदार महर, ब्लॉक अध्यक्ष ग्राम प्रधान संगठन कपकोट।
सड़क और बिजली की समस्या प्रमुख है। बैठक में अधिकारियों को सीधे समस्या से अवगत कराने के बाद भी अधिकतर समस्याओं का समाधान नहीं होता है। क्षेत्रवासियों को हम से काफी उम्मीदें रहती हैं। कार्य नहीं होने पर लोगों में नाराजगी बढ़ जाती है। - प्रकाश सिंह, ग्राम प्रधान सुमटी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें