तहसील क्षेत्र में एक महीने से भी अधिक समय से बिजली की अनियमितता चल रही है। बिजली कटौती का समय निश्चित नहीं होने से जहां आम जनता परेशान है, वहीं कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
गांवों में चल रही सौपाती, भगवती पूजा, नंदा और सुनंदा महोत्सवों पर इसका असर पड़ा है। ग्रामीणों को शाम होते ही गांवों में तेंदुओं के धमकने का डर अलग से सता रहा है। व्यापार मंडल कपकोट के अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी, भराड़ी शेर सिंह ऐठानी, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष गोविंद ऐठानी, नगर अध्यक्ष प्रकाश ऐठानी, सभासद बलवंत कपकोटी और कमला ऐठानी आदि ने बताया कि बिजली कटौती का कोई समय नहीं है।
दिन में कई-कई बार कटौती हो रही है। वहीं, रात में भी घंटो बिजली गुल रहती है। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ ही कारोबार भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने यूपीसीएल को चेतावनी दी कि यदि आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
इधर, यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडे ने कहा कि क्षेत्र में जिस तरह से बिजली का उत्पादन हो रहा है, उस हिसाब से तारों में लोड सहन करने की क्षमता नहीं है। हाइड्रो पावर से अधिक क्षमता की लाइन बनने तक दो से अधिक टरबाइन नहीं चलाने को कहा है।