बागेश्वर। राज्य सरकार ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले वाले मिड-डे-मील (मध्याह्न भोजन) की राशि में बढ़ोतरी कर दी है। यह राशि दो साल बाद बढ़ाई गई है। तेल, सब्जी, दाल और मसालों की खरीद के लिए प्रत्येक विद्यार्थी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र 6.23 और उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र 9.34 रुपये दिए जाएंगे।
सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए सस्ते गल्ले की दुकान से चावल मिलता है लेकिन रसोई की अन्य सामग्री दुकानों से ही खरीदी जाती है। शिक्षा विभाग के अनुसार पूर्व में केंद्र और राज्य सरकार की ओर मिड-डे-मील की दरों में प्रत्येक वर्ष 15 फीसदी इजाफा किया जाता था मगर पिछले दो वर्षों से इन दरों में वृद्धि नहीं की गई थी। प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र प्रतिदिन 100 ग्राम भोजन के अनुसार 5.45 रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र प्रतिदिन 150 ग्राम भोजन के अनुसार 8.17 रुपये विद्यालय को दिए जाते थे। खाद्य सामग्री लगातार महंगी होने के बावजूद विद्यालय की कुकिंग कॉस्ट नहीं बढ़ाई गई थी। अब राज्य सरकार ने इन दरों में वृद्धि की है। प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील के लिए प्रति छात्र 6.23 और उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र 9.34 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
कोट
विद्यालयों में कुकिंग कॉस्ट में बढ़ोतरी होने से मिड-डे-मील के भोजन की गुणवत्ता में सुधार होगा। विद्यालयों में बच्चों को इससे लाभ मिल सकेगा।
-विनय कुमार, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) बागेश्वर