कांडा (बागेश्वर)। पृथक विकासखंड की मांग पर कांडा कालिका मंदिर में विकासखंड संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा महातपस्या अभियान 31वें दिन स्थगित हो गया। कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया और एसडीएम अनिल चन्याल ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर आंदोलन को विराम दिया ।
बुधवार को 95 वर्षीय बुजुर्ग आंदोलनकारी कृपाल सिंह रावत, गुमान सिंह धपोला, बंशीधर कांडपाल, भैरवदत्त चंदोला, ईश्वर सिंह धपोला और मोहन सिंह धपोला भूख हड़ताल पर बैठे थे। विधायक गढ़िया ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांडा को पृथक ब्लॉक बनाने की घोषणा सीएम पहले ही कर चुके हैं। ब्लॉक की जल्द स्थापना के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी ने बताया कि वर्तमान में जनगणना और परिसीमन की प्रक्रियाओं को देखते हुए आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। संवाद