बागेश्वर। जिले के बाजार में ग्रामीण इलाकों की नर्सरी में तैयार पौधों और बीजों का बाजार रोजाना सजता है। चौक बाजार में खुले में लगने वाले इस बाजार में लोग डलिया और कट्टों में गांवों से लाए उत्पादों की बिक्री करते हैं। इस छोटे व्यापार से ग्रामीण परिवार के भरण-पोषण का खर्च जुटा लेते हैं।
बीज और पौधों का यह बाजार कई दशक पुराना है। 25 से 30 साल पहले से लोग इस काम को कर रहे हैं। कारोबारी ग्रामीणों ने बताया कि वे घर पर तैयार शिमला मिर्च, बैंगन, प्याज, हरी मिर्च, गोभी के पाैधे आदि लेकर आते हैं। 20 से 40 रुपये गड्डी के हिसाब से पौधों की बिक्री की जाती है। पहाड़ी धनिया, खीरा, सोयाबीन, मेथी, लौकी, उगल, मूली, पालक, तोरई आदि सब्जियों के बीज 20 से 30 रुपया पैकेट की दर से बेचते हैं।