चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क किया। सभी उम्मीदवारों के वाहन चुनाव प्रचार की अपील के साथ दिन भर सड़कों पर दौड़ते नजर आए। शाम पांच बजते ही चुनाव प्रचार का शोर थम गया।
प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों के प्रचार अभियान ने कुछ ज्यादा ही जोर पकड़ा। भाजपा, कांग्रेस, बसपा, यूकेडी सहित अन्य निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ दिन भर जनसंपर्क में रहे। अंतिम दिन सभी प्रत्याशियों ने अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की। राजनैतिक दलों के प्रचार वाहन भी दिन भर घूमते रहे। वाहनों में लाउडस्पीकर से सुबह से प्रत्याशियों के पक्ष में अपील गूंजती रही। बागेश्वर में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने रोड शो भी किया। जैसे ही शाम के पांच बजे प्रचार वाहनों का शोर भी बंद हो गया।