कपकोट के खाती में रात्रि चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनतीं डीएम। संवाद
बागेश्वर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से डीएम अपूर्वा पांडेय ने कपकोट ब्लॉक के दूरस्थ खातीगांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान डीएम ने सड़क, विद्युत और संचार व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके। क्षेत्र में पर्यटन और ट्रैकिंग गतिविधियों के सुचारू संचालन को लेकर डीएम ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने को कहा। इसके साथ ही खातीगांव और आसपास के इलाकों में आ रही नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए निजी दूरसंचार ऑपरेटरों के माध्यम से क्षेत्र का सर्वे कराने की बात कही, ताकि जल्द से जल्द बेहतर दूरसंचार सेवाएं बहाल की जा सकें। एसपी जितेंद्र मेहरा, एसडीएम अनिल चन्याल आदि मौजूद रहे। संवाद