बागेश्वर। इस्राइल और ईरान युद्ध का असर खाड़ी के देशों पर भी पड़ रहा है। ईरान की तरफ से इन देशों में अमेरिका के सैन्य अड्डों पर हमले किए जा रहे हैं। ऐसे में वहां फंसे लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जिला प्रशासन ने मुहिम शुरू की है। जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों से खड़ी देशों में फंसे लोगों का डाटा संकलन करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के कई लोग सऊदी अबर, यूएई, ओमान, बहरीन आदि देशों में रोजगार करते हैं। जिले से भी कई लोग इन देशों में नौकरी कर रहे हैं। हालांकि यहां से कितने लोग इन देशों में हैं इसकी सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है। एडीएम एनएस नबियाल ने बताया कि खाड़ी देशों में अगर कोई फंसा है तो उसकी जानकारी होनी जरूरी है। इसको देखते हुए सभी एसडीएम से अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षकों की मदद से आंकड़े एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिले के किसी भी नागरिक के इन देशों में फंसे होने की सूचना नहीं मिली है। किसी व्यक्ति ने भी अपने परिजनों के फंसे होने की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अगर कोई भी सूचना या शिकायत आएगी तो उसके त्वरित निदान के प्रयास किए जाएंगे।