बागेश्वर के सप्तेश्वर में इसी स्थान पर बनना है मोटर पुल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला मुख्यालय में बिलौना से गंगोलीहाट (पिथौरागढ़) विकासखंड के बनकोट क्षेत्र को जोड़ने के लिए बिलौना-सप्तेश्वर मोटर मार्ग पर सप्तेश्वर में पुल निर्माण के लिए शासन ने करीब 10 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। इसके बाद लोनिवि का विश्वबैंक डिविजन पुल निर्माण की कवायद में जुट गया है। इस पुल के बन जाने के बाद बागेश्वर से बनकोट की दूरी मात्र 15 किमी रह जाएगी। वर्तमान में बनकोट जाने के लिए करीब 90 किमी का सफर तय करना पड़ता है। पुल बनने से बनकोट क्षेत्र की 25 हजार और बागेश्वर की करीब पांच हजार आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
बिलौना से सप्तेश्वर के लिए बनी सड़क का मिलान पिथौरागढ़ जिले के बनकोट से करने की कवायद कई वर्षों से चल रही है। बिलौना (बागेश्वर) से सप्तेश्वर तक छह किमी सड़क और बनकोट से बटगेरी होते हुए सप्तेश्वर तक नौ किमी सड़क का निर्माण काफी समय पहले हो गया था। सप्तेश्वर में सरयू नदी बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले की सीमाओं का विभाजन करती है। सप्तेश्वर में सरयू नदी पर मोटर पुल का निर्माण होना है। मोटर पुल बनने के बाद दोनों जिलों के सड़क मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे।
----×----
बनकोट के लोग बागेश्वर में होना चाहते हैं शामिल
बागेश्वर। बागेश्वर और गंगोलीहाट विकासखंड के सीमा पर बसे बनकोट, बाजड़, ढनोलासेरा क्षेत्र के लोग बागेश्वर के नजदीक होने के कारण लंबे समय से बागेश्वर जिले में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। कई बार आंदोलन कर इस मुद्दे को शासन स्तर तक पहुंचा चुके हैं। बनकोट के सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र सिंह बनकोटी का कहना है कि बागेश्वर इलाके के लोगों के बेहद पास है, जबकि पिथौरागढ़ जाने के लिए 150 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। बनकोट क्षेत्र को बागेश्वर जिले में शामिल कर देना चाहिए।
----×----
सप्तेश्वर में पुल निर्माण के लिए एक बार टेंडर आमंत्रित किया जा चुका है। 62 प्रतिशत अधिक रेट का टेंडर पड़ा था। एक बार फिर से टेंडर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। - सतीश चंद्र, ईई विश्व बैंक डिवीजन बागेश्वर