कपकोट (बागेश्वर)। शामा कस्बे से अपने कमरे को लौट रहे एक बिहारी मजदूर की डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में गिरकर मौत हो गई है। शनिवार सुबह पुलिस ने रेस्क्यू करके शव खाई से बाहर निकाला। मृतक शामा-रमाड़ी-तेजम सड़क में डामरीकरण के काम के लिए यहां आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल भेज दिया है।
कपकोट के थानाध्यक्ष एसपी रायपा ने बताया कि थाना भवानीपुर जिला पूर्णिया बिहार के सतारा गांव निवासी रामू (45) पुत्र लोहाटुडू भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा शामा-रमाड़ी-तेजम सड़क में चल रहे डामरीकरण के काम के लिए आया था। शुक्रवार शाम वह सामान लेने के लिए शामा कस्बे में आया।
सामान लेने के बाद वह बांकेधार स्थित अपने कमरे में जा रहा है। शाम को बारिश होने के साथ ही वहां घना कोहरा भी था। कमरे से पहले पड़ने वाले बैंड पर कोहरे से सड़क न दिखाई देने के कारण वह डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। साथ मजदूरों ने उसकी रात में कई जगह तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शनिवार सुबह मजदूरों को खाई में उसका गमछा गिरा मिला। कुछ दूर जाने पर उसका खाई में शव पड़ा था। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर रेस्क्यूूूू टीम के साथ ले जाकर मृतक को खाई से बाहर निकाला गया। मृतक के शरीर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं।
पुलिस ने मोबाइल फोन से घटना की सूचना रामू के परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव साथी मजदूरों को सौंपा जाएगा। एसडीएम केएस टोलिया ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।