कपकोट (बागेश्वर)। सुडिंग समेत चार गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। चुड़िया गधेरे को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है। पुल के सुधारीकरण के बाद डेढ़ साल से जोखिम उठाकर आवाजाही कर रहे लोगों को राहत मिलेगी।
सुडिंग गांव समेत चार गांवों को जोड़ने वाला पैदल पुल विगत वर्ष की बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था। नदी के तेज बहाव से पुल का एबटमेंट में दरारें पड़ गई थी। पहुंच मार्ग ध्वस्त हो गया था। रोजाना बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं जर्जर पुल से खतरा उठाकर आवाजाही कर रहे थे। लगातार ग्रामीण विभाग से पुल की मरम्मत की मांग कर रहे थे। विगत नवंबर में ग्रामीणों ने स्वयं पुल की मरम्मत करने का प्रयास भी किया और पुल तक पहुंचने में आ रहे जोखिम को कुछ कम किया। हालांकि अब भी जोखिम बना हुआ है। लोनिवि के ईई अमित पटेल ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए 9.46 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। बजट के इंतजार में काम शुरू कराने में विलंब हो रहा था। अब निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही पुल की मरम्मत का काम भी शुरू हो जाएगा।