स्यारीचौंरा-दमौला सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते ग्
बागेश्वर। स्यारीचौंरा-सिमस्यारी-सरना-दमौला मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है। पुरानी सर्वे के अनुसार हो रहे निर्माण कार्य पर ग्रामीणों की आपत्ति के बाद सड़क का काम अधर में अटक गया था। ग्रामीणों ने नई सर्वे के लिए अनापत्ति पत्र प्रदान कर जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो साल से निर्माण कार्य रुका हुुआ है, लेकिन शासन-प्रशासन सुध लेने को तैयार नहीं है। पहले विभाग ने लोगों की आपत्ति के बावजूद दोनों तरफ से सड़क का कटान शुरु कर दिया, जबकि बीच के क्षेत्र में आपत्ति के कारण सड़क का मिलान नहीं हो सका।
ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय मेें ज्ञापन देकर नई सर्वे के अनुसार सड़क का अड़ैत तोक से सिमस्यारी और मल्ला सरना को जोड़ते हुए निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द नई सर्वे कराकर सड़क का काम पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर गिरीश लाल, कैलाश चंद्र, अशोक कुमार, जुगल किशोर, जगदीश चंद्र, नवीन चंद्र आदि मौजूद रहे।