बागेश्वर। मंडलसेरा क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। नगर की सबसे बड़ी मंडलसेरा पेयजल योजना के सुचारू संचालन और रख-रखाव की जिम्मेदारी अब पूरी तरह से जल संस्थान ने संभाल ली है। पेयजल निगम की ओर से इस अति महत्वपूर्ण योजना को जल संस्थान को विधिवत हस्तांतरित कर दिया गया है। इसके बाद अब उपभोक्ताओं को समय पर नए पेयजल संयोजन देने से लेकर पूरी लाइन के रख-रखाव की कमान जल संस्थान के पास होगी।
मंडलसेरा क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे गंभीर पेयजल संकट को दूर करने के लिए पेयजल निगम ने वर्ष 2021 में 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इस पंपिंग योजना का निर्माण कार्य शुरू किया था। योजना का कार्य पूरा होने के बाद अब इसे जल संस्थान को सुपुर्द कर दिया गया है। जल संस्थान के एई दीनदयाल ने बताया कि योजना को हैंडओवर ले लिया गया है। विभाग की मुख्य प्राथमिकता अब मुख्य लाइनों और वितरण नेटवर्क की बारीकी से जांच कर सभी तकनीकी कमियों में सुधार करना है, ताकि आवंटित घरों तक अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से कराई जा सके।
.....कोट
मंडलसेरा पंपिंग योजना का निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप पूरा कर जल संस्थान को सौंप दिया गया है। इस योजना के हस्तांतरण से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को पेयजल किल्लत से स्थाई निजात मिलेगी।
......अब्दुल रशीद, ईई जल निगम, बागेश्वर