बागेश्वर के सरयू तट पर आतिशबाजी और दीपदान के बाद जगमग हुए घाट। संवाद
बागेश्वर। महाअष्टमी के पावन अवसर पर बाबा बागनाथ की नगरी बागेश्वर में दीपोत्सव, मां सरयू की भव्य आरती और आतिशबाजी के साथ भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सरयू नदी के दोनों तटों पर हजारों दीपों की टिमटिमाती रोशनी से नगर जगमगा उठा। भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी और ग्रामीण सरयू घाट पर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।
महाअष्टमी की शाम सरयू घाट पर रंग-बिरंगी रोशनी के बीच मां सरयू की भव्य आरती की गई। आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर मां सरयू का आशीर्वाद लिया। इसके बाद नदी के दोनों तटों पर दीप जलाकर भव्य दीपदान किया गया। दीपों से जगमगाते घाट और नदी के किनारे का मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। आतिशबाजी ने भी उत्सव की रौनक बढ़ाई। दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान महाअष्टमी पर होने वाले दीपदान का श्रद्धालुओं को हर वर्ष इंतजार रहता है। दीपों की रोशनी अंधकार को दूर करने के साथ ही जीवन में आशा, सकारात्मकता और अच्छाई का संदेश देती है। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन को आस्था और संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा बताया।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
महाअष्टमी के अवसर पर देवी पूजा महोत्सव की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने बताया कि महाअष्टमी पर हर वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। देर शाम तक सरयू घाट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही और पूरा वातावरण भक्ति, आस्था तथा उत्साह से सराबोर नजर आया। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, डीएफओ प्रकाश आर्या, उमेश साह, नवीन रावल, विजयपाल मटियानी,नवीन लाल साह आदि मौजूद रहे। संवाद