फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: बिछ गई बिसात, अब शुरू होगा शह और मात

Sun, 03 Sep 2023 12:18 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागेश्वर
विज्ञापन
बागेश्वर में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास के समर्थन में रोड शो निकालते सीएम पुष्कर सिंह धामी। सं
विज्ञापन
बागेश्वर। उपचुनाव का प्रचार रविवार को थम जाएगा। प्रचार के अंतिम चरण में दोनों दल भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है।
विज्ञापन


शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह ने जिला मुख्यालय और गरुड़ में रोड शो किया। रविवार को सीएम विधानसभा क्षेत्र के काफलीगैर में जनसभा को संबोधित करेंगे। शनिवार को सीएम के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल बागेश्वर पहुंचे गए। कैबिनेट मंत्री विकास बहुगुण, रेखा आर्य, सांसद अजय टम्टा कई दिनों से बागेश्वर में बने हुए हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कई दिग्गज बागेश्वर में डटे हुए हैं। साथ ही पार्टी प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटा रहे हैं। कांग्रेस भी चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
विज्ञापन




भाजपा की कोशिश

-भाजपा उप चुनाव को सहानुभूति को लहर में तब्दील करने की पुरजोर कोशिश कर रही है।

-भाजपा 16 साल में हुए विकास कार्यों को गिना रही है।

-कांग्रेस प्रत्याशी के लगातार दल बदलने, कांग्रेस प्रत्याशी के केवल चुनाव में ही जनता के बीच दिखाई देने और कांग्रेस के भीतर की टूट को जनता तक ले जाने की कोशिशों में जुटी हुई है।

- कांग्रेस पर विपक्ष की भूमिका निभाने में भी असफल रहने का आरोप लगा रही है। सिर्फ चुनाव के समय विकास कार्य और जनमुद्दों की याद आने की तोहमत मढ़ रही है।

-भाजपा सत्ताधारी पार्टी होने के कारण विकास के काम आगे बढ़ने का भरोसा मतदाताओं को दिला रही है।



कांग्रेस की कोशिश

-कांग्रेस स्व. चंदन रामदास के 16 साल के कार्यकाल पर सवाल खड़े कर रही है।

- कांग्रेस बागेश्वर विधानसभा सीट पर लगातार चार जीत के बाद भी विकास के काम आगे न बढ़ने की तोहमत भाजपा पर लगा रही है।

- विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को गिना रही है।

- कांग्रेस को अपने वोट बैंक के साथ ही प्रत्याशी बसंत कुमार के सियासी कद पर भरोसा है।

..............




बागेश्वर और गरुड़ में उमड़े जन सैलाब ने बता दिया है कि भाजपा की जीत होगी : सीएम



बागेश्वर/गरुड़। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बागेश्वर का चुनाव 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में कामयाब रहेगा। उन्होंने कहा कि बागेश्वर और गरुड़ में उमड़े जनसैलाब ने ऐतिहासिक जीत की बानगी दिखा दी है। यह भी कहा कि बागेश्वर की जनता ने दिखा दिया कि चुनाव में भाजपा की रिकार्ड मतों से जीत होगी।

सीएम ने बागेश्वर के तहसील रोड में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इस भीषण गर्मी में हजारों लोगों के आने की उम्मीद नहीं थी। बागेश्वर और गरुड़ में हजारों-हजार लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर जीत की तस्वीर दिखा दी है। उन्होंने कहा कि बाबा बागनाथ की धरती में इस बार भी कमल खिलेगा और अन्य वर्षों की तुलना में और बेहतर खिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पुष्कर धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार दिनरात विकास के नए आयाम गढ़ रही है। कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि भाजपा इस चुनाव में भारी जीत हासिल कर रही है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह चुनाव दुख का चुनाव है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद अजय टम्टा, विधायक सुरेश गढ़िया, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, विधायक प्रमोद नैनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्सवाण, जिपं अध्यक्ष बसंती देव, पार्टी प्रत्याशी पार्वती दास, शिव सिंह बिष्ट ने विचार रखे।



अमृत पीकर भाजपा को वोट दें

सीएम धामी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देना जहर पीने के समान है। इसलिए अमृत पीकर भाजपा के पक्ष में मतदान करें। इससे पहले गरुड़ के रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह चुनाव विकास का चुनाव है। उप चुनाव राज्य में हो रहे विकास कार्यों पर मोहर लगाने का काम कर रहा है।



शिव की नगरी में पार्वती का जीतना जरूरी

बागेश्वर। सीएम धामी ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए शिव की नगरी से पार्वती दास का जीतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर और कत्यूर घाटी के मंदिरों के नवनिर्माण के लिए भाजपा की जीत जरूरी है। सरकार ने बागेश्वर के विकास के लिए तीन अरब से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दास के अधूरे के कार्यो को उनकी पत्नी पार्वती दास पूरी करेंगी।



रोड में उमड़ी भीड़ से सीएम गदगद

बागेश्वर/गरुड़। बागेश्वर और गरुड़ में हुए रोड शो में भीड़ जुटने से मुख्यमंत्री गदगद दिखे। उन्होंने कहा कि लोग इतनी बड़ी संख्या में रोड शो में पहुंचेंगे, यह अनुमान नहीं था। सीएम ने कहा कि बागेश्वर की जनता ने प्रदेश सरकार के हाथ मजबूत करने की ठान ली है। सरकार इस ऋण को विकास कार्य करके देगी। उन्होंने कहा कि आठ सितंबर बागेश्वर के लोग एक नया इतिहास लिखेंगे।



बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी कांग्रेस : हरीश

बागेश्वर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम हरीश रावत ने बड़े अंतर से विधानसभा उप चुनाव जीतने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को दो-दो बार बागेश्वर आना पड़ रहा है। इससे भाजपा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

शनिवार को पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में कांग्रेसियों ने नगर में जनसंपर्क किया। इसके बाद दुग बाजार में हुई सभा में पूर्व सीएम रावत ने कहा कि बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लोग कांग्रेस को विजयी बनाने का संकल्प ले चुके हैं। लोग भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से परेशान हो गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि बागेश्वर के लोग उस बार परिवर्तन का मन बना चुके हैं। लोग भाजपा को सबक सिखाना चाहते हैं। कहा कि गांव हो या शहर हर जगह लोगों का कांग्रेस को अथाह समर्थन मिल रहा है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा छद्म हिंदुत्व की बात करती है। कांग्रेस वसुधैव कुटुंबकम की बात पर विश्वास करती है। सभा को पार्टी प्रत्याशी बसंत कुमार ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर जीत हासिल करना चाहती है, उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। सभा को कांग्रेस के जिला प्रभारी महेंद्र सिंह लुंठी, अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी समेत कई लोगों ने संबोधित किया।



कांग्रेस और भाजपा ने राज्य का विकास नहीं करने असफल : ऐरी

गरुड़ (बागेश्वर)। उक्रांद के काशी सिंह ऐरी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने राज्य अस्तित्व में आने के बाद राज्य का विकास नहीं बल्कि विनाश किया है। पृथक राज्य की परिकल्पना अभी तक साकार नहीं हुई है। उन्होंने कहा राज्य में माफिया राज कायम हो गया है।

उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष केडी पांडे रामलीला मैदान में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी अर्जुन देव के पक्ष में चुनावी जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा राज्य के बेरोजगारों को रोजगार देने में असफल साबित हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक करा कर भाजपा सरकार ने शिक्षित बेरोजगारों को निराश किया है। इस मौके पर एडवोकेट डीके जोशी, जेपी जुयाल, पार्टी प्रत्याशी अर्जुन देव, जिलाध्यक्ष मनोज जोशी, कैलाश चंदोला, मोहन बिष्ट आदि रहे। इससे पूर्व उक्रांद ने गरुड़ बाजार में रैली निकाली।


उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए लड़ रही उपपा:पीसी

बागेश्वर। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के नेताओं ने शनिवार को प्रत्याशी भागवत कोहली के समर्थन में विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ सभा कर लोगों तक अपनी बात पहुंचाई। गैरसैंण राजधानी बनाओ संघर्ष समिति के नारायण सिंह, उमेश जोशी ने बागेश्वर पहुंचकर दल को समर्थन दिया।
विज्ञापन


दल के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि दल उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा के सवाल पर राज्य की राजनीति में उतरी है। स्थानीय ताकतों के साथ खड़ा होना चाहिए। सभाओं को केंद्रीय महासचिव एडवोकेट नारायण राम, उपाध्यक्ष आनंदी वर्मा, महासचिव नरेश नौड़ियाल, अल्मोड़ा नगर अध्यक्ष हीरा कोहली, केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप मधवाल, महासचिव अब्बल सिंह भंडारी ने संबोधित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें