बागेश्वर। राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित बागेश्वर जिले के प्रमुख सरयू पुल की मरम्मत का काम बुधवार से शुरू होगा। मरम्मत के चलते पुल में अगले 10 दिनों तक यातायात और पैदल आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। इस दौरान बड़े वाहनों का संचालन आरे बाईपास से तो छोटे वाहनों का संचालन चंडिका मंदिर बाईपास से होगा। 23 अप्रैल तक बागेश्वर-पिथौरागढ़ रूट में वाहनों को पांच किमी का अतिरिक्त फेरा लगाना होगा।
बता दें कि एनएच 309ए में आने वाला सरयू पुल महत्वपूर्ण पुलों में शामिल है। यह पुल बागेश्वर के साथ ही पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों को जोड़ने वाला एकमात्र पुल है। सीमांत पिथौरागढ़ जिले को जोड़ने वाली सड़क में स्थित होने के कारण इसका सामरिक महत्व भी है। पुल के फर्श का कंक्रीट पूरी तरह से खराब होने के कारण इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे।
विभाग ने इन गड्ढों को पाटने के लिए कभी मिट्टी बिछाई तो इस समय लोहे की प्लेटों की टल्ले लगाकर काम चल रहा था। पुल की मरम्मत के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद एनएच ने इसके सुधार का निर्णय लिया है। पुल के सुधार में करीब 70 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस पुल का पूरा तल (चक्रट) ही बदला जाएगा। पुल में अब कंक्रीट के स्थान पर लोहे की प्लेटें बिछाई जाएंगी।