बारिश न होने का रबी फसलों पर बुरा असर दिखाई देने लगा है। कृषि विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक असिंचित क्षेत्र की 45 प्रतिशत फसलें सूखे की भेंट चढ़ चुकी हैं जबकि सर्वे में सिंचित क्षेत्र की फसलें ठीक मिली हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने मनकोट, उडेरा, सिलाटी, असों न्याय पंचायत के अनेक गांवों में सर्वेक्षण किया। मौर्य ने बताया कि सर्वेक्षण में शीतकाल में बारिश न होने से असिंचित क्षेत्रों में बोई गई गेहूं, मसूर, लाही की फसलें 45 प्रतिशत तक प्रभावित हुई हैं।
जहां पानी की सुविधा है, वहां रबी की फसलें अधिकतर क्षेत्रों में फिलहाल ठीक हैं। उन्होंने बताया कि जिले में रबी की फसलें 20 हजार हेक्टेयर में बोई गई हैं। इसमें से पांच हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र शामिल है।
कृषि विभाग के सर्वेक्षण से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचती जा रही हैं। किसानों ने शासन, प्रशासन से सूखे से निपटने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।