दुगनाकुरी तहसील में डीएम रंजना की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 31 फरियादी समस्या लेकर पहुंचे। डीएम और विधायक बलवंत भौर्याल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।
तहसील दिवस में विद्युत, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, आवास, वृद्धावस्था पेंशन, भूमि का मुआवजा और वन विभाग से संबंधित 31 शिकायतें दर्ज की गईं। विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों पर डीएम ने ईई विद्युत को अपने अधीनस्थ क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने और छोटी-मोटी समस्याएं निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्वयं संज्ञान लेकर क्षेत्र में जाने को कहा। डीएम ने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के ‘संकल्प से सिद्धी’ तक के कार्यक्रम के तहत उपस्थित लोगों को संकल्प दोहराया। बाद में डीएम ने निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को समय-समय पर निर्माण कार्य की मॉनीटरिंग करने को कहा। डीएम ने मौके पर भवन में हो रहे प्लास्टर की भी जांच करवाई, जो सही पाया गया।
डीएम ने इंटर कॉलेज बनलेख में दो साल पहले बने भवनों का निरीक्षण भी किया। भवन की छत टपकने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीईओ को कार्यदायी संस्था को पत्र जारी करने को कहा।
इस दौरान सीडीओ एसएसएस पांगती, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, एडीएम राहुल गोयल, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम बागेश्वर श्याम सिंह राणा, सीओ कपकोट महेश चंद्र जोशी, सीईओ हरीश चंद्र सिंह रावत, बीपी मौर्या, डॉ. उदय शंकर आदि अधिकारी थे।