अल्मोड़ा। जिले में जहां दिवाली धूमधाम से मनाई गई वहीं दूसरी ओर 10 लोग पटाखे जलाने के दौरान झुलस गए। उपचार के लिए लोग बेस अस्पताल पहुंचे।
दिवाली पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। शाम होते ही आसमान में रंग बिरंगे पटाखों के तेज धमाके सुनाई दिए। देर रात तक पटाखों का शोर शराबा चला। पटाखे जलाने के दौरान किसी का हाथ जल गया तो किसी की आंखों में बारूद आ गया है। सोमवार को सात और मंगलवार को तीन कुल 10 लोग पटाखे जलाने के दौरान झुलस गए। झुलसे लोग उपचार को मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी है।