बागेश्वर। मल्ला दानपुर क्षेत्र के हाईस्कूल, इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्य शिक्षा अधिकारी का घेराव किया। अभिभावकों ने शिक्षकों की नियुक्ति न होने पर दो अक्टूबर को धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी।
जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू और क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह के नेतृत्व में सीईओ कार्यालय पहुंचे अभिभावकों ने जोरदार प्रदर्शन करने के बाद जीआईसी कर्मी, बदियाकोट, सौंग, बघर, सोराग, खाती, सूपी में एलटी शिक्षकों, प्रवक्ताओं के पद खाली होने का मामला उठाया।
कहा कि हाईस्कूल, जूनियर हाईस्कूल बाछम, तीख, नीड नगिला, तिलाड़ी, तोली, पोथिंग में अध्यापक नहीं हैं। शिक्षकों की कमी के कारण हजारों बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई बार मांग करने के बाद भी खाली पदों में शिक्षकों की तैनाती नहीं की जा रही है।
बिना शिक्षकों के स्कूलों का संचालन मजाक बनकर रह गया है। यदि एक माह के भीतर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो सभी क्षेत्रवासी दो अक्टूबर से आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अभिभावकों ने प्राइमरी स्कूल पय्यातोली की व्यवस्था भी सुधारने की मांग की। इसके बाद सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष दीवान सिंह, हंसा दयाराकोटी, महिपाल राम, आनंद राम, राजीव कर्म्याल, गोविंद राम आदि थे।
बागेश्वर। जिला कांग्रेस सचिव गोकुल देव ने जीआईसी कर्मी में शिक्षकों की तैनाती को लेकर जिला मुख्यालय बुलाए गए अभिभावकों से पैसे वसूलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए गरीब लोगों के धन, समय की बर्बादी कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि गरीब जनता को सब्जबाग दिखाकर अपनी राजनीति चमकाना भाजपा नेताओं का व्यवसाय बन गया है। शिक्षकों की तैनाती की मांग क्षेत्रीय विधायक, प्रशासन के माध्यम से भी पूरी हो सकती है।