बागेश्वर में प्रदर्शन करते टैक्सी चालक।
- फोटो : अमर उजाला
वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने सहित अन्य मनमाने नियमों के विरोध में टैक्सी चालकों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों ने मांगों के समर्थन में शासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोमवार से स्कूल बसों का संचालन न होने देने की चेतावनी दी है।
स्पीड गवर्नर के विरोध में चालकों ने दूसरे दिन भी पहिये जाम रखे। चोरी-छिपे चल रहे वाहनों को भी यूनियन के सदस्यों ने जबरन रोक लिया। हड़ताल के चलते यात्री खासे परेशान रहे। टैक्सी मालिक व चालकों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में प्रकाश उपाध्याय, पुष्कर जोशी, अरविंद खेतवाल, चंदन भौर्याल, सुनील पांडे, महेश रावत, राजेंद्र बिष्ट, सुंदर सिंह, भूपाल सिंह आदि थे। इधर कपकोट, कांडा, गरुड़, कौसानी, काफलीगैर में भी टैक्सियों का संचालन ठप रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कपकोट व रीमा लाइन में परेशान यात्रियों से प्राइवेट वाहन चालकों ने तीन गुना से भी अधिक किराया लिया।