बागेश्वर में आयोजित बैठक में उपस्थित सस्ता गल्ला विक्रेता।
- फोटो : amar ujala
राज्य खाद्य योजना का राशन बंद कर उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी डालने का सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। गल्ला विक्रेताओं ने सरकार के इस फरमान के खिलाफ एक अक्तूबर से राशन नहीं उठाने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को सस्ता गल्ला विक्रेता समिति की बैठक में एसएफआई का राशन बंद करने पर नाराजगी जताई गई। सस्ता गल्ला विक्रेेताओं ने कहा कि सरकार का यह निर्णय गलत है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
गल्ला विक्रेताओं ने केरोसिन की आपूर्ति करने, विक्रेताओं को एनएफएसए और अंत्योदय एवं एमडीएम भाड़े का भुगतान शीघ्र करने, गोदाम से राशन तोलकर देने और एसएफआई का कमीशन 143 रुपये करने की मांग की गई। गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि विभाग द्वारा विक्रेताओं पर बार-बार बैंक खाता संख्या एवं आधार नंबर दर्ज करने के लिए आदेशित किया जा रहा है।
सभी विक्रेताओं ने इस कार्य को नहीं करने और दुकान का किराया और स्टेशनरी का खर्चा देने की मांग की। कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो एक अक्तूबर से राशन नहीं बांटने और सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया जाएगा।
बाद में इस संबंध का ज्ञापन सीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम राहुल गोयल को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष लछम सिंह मेहरा, सचिव गणेश रावत, नवीन चंद्र आर्या, भूपाल सिंह, प्रताप सिंह, नारायण, पुष्कर सिंह, पूरन सिंह, ठाकुर सिंह, खीम सिंह आदि सस्ता गल्ला विक्रेता शामिल थे।