बागेश्वर। नगर के ठाकुरद्वारा, रामघाट और कैलखुरिया क्षेत्र के लोगों को बुधवार सुबह से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। सूरजकुंड स्थित मुख्य पंपिंग स्टेशन में तकनीकी खराबी आने के कारण इन क्षेत्रों की जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। विभाग का कहना है कि आपूर्ति सुचारू होने में अभी एक दिन का समय और लग सकता है।
पेयजल आपूर्ति बंद होने से ठाकुरद्वारा और आसपास के मोहल्लों में लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने विभाग से वैकल्पिक तौर पर टैंकरों के माध्यम से पानी मंगवाने की मांग की है। जल संस्थान के एई दीनदयाल ने बताया कि सूरजकुंड के पास स्थित पंप में अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई है। सूचना मिलते ही तकनीशियनों की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। मरम्मत का कार्य जारी है लेकिन समस्या गंभीर होने के कारण शनिवार तक ही जलापूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है।