बागेश्वर। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया है। समापन कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राज्य ओलंपिक संघ को बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर रविवार सुबह नुमाइशखेत मैदान से खेल कार्यालय तक सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजयी टीमों के साथ ही उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन के लिए फुटबॉल में नेहा मेलवाल, ताइक्वांडो में लता कोरंगा, कबड्डी में प्रियंका थायत, खो-खो में रजनी जोशी, हैंडबाल में पियूष कालाकोटी, वॉलीबाल में मानस चौबे, बॉक्सिंग में लक्ष्मी नगरकोटी, बैडमिंटन में शंकर गढ़िया को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह, डीएम अनुराधा पाल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, कपकोट के एसडीएम अनुराग आर्य, प्रतियोगिता प्रभारी कमलेश तिवारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में अनिल कार्की, ललित नेगी, नीरज पांडे, गणेश धपोला, सुंदर गढि़या, खेल प्रशिक्षक किरन नेगी, कुंदन कालाकोटी, दलीप खेतवाल आदि मौजूद थे। प्रतियोगिता प्रभारी कमलेश तिवारी ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।