बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। एनएसयूआई के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय का पुतला दहन किया। जल्द अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की बैक परीक्षा करवाने की मांग की है।
सोमवार को विद्यार्थियों ने परिसर के गेट पर नारेबाजी की। कहा कि विश्वविद्यालय माइनर विषय में अनुत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं की बैक परीक्षा कराने के लिए तैयार नहीं है। विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण कई छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने मांग की कि जो छात्र मुख्य परीक्षाओं में फेल हो गए हैं उनके लिए बैक परीक्षा का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि जल्द परीक्षा नहीं कराए जाने पर छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इस मौके पर सुशांत, पवन कोरंगा, पवन, विनीत आदि मौजूद रहे। संवाद