बागेश्वर। स्नातकोत्तर में सीटें बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका। छात्र नेताओं ने कहा कि बागेश्वर महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वविद्यालय स्तर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कॉलेज गेट पर कुलपति का पुतला दहन करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि बागेश्वर कॉलेज तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। कॉलेज में एमए, एमएससी में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग लगातार की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्राध्यापकों के पद भी खाली हैं।
जितनी बार भी समस्याओं के समाधान को लेकर मांग उठाई जाती है केवल कोरे आश्वासन दे दिए जाते हैं। समस्याओं के चलते सैकड़ों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। यदि महाविद्यालय की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुतला फूंकने वालों में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत रावत, उपाध्यक्ष अंकुर उपाध्याय, गोकुल परिहार, अमित परिहार, उमेश टाकुली, धीरज उपाध्याय, चंदन धामी, उपेंद्र मेहता, कैलाश आर्या आदि छात्र नेता शामिल थे।
एमएससी में सीटें बढ़ाने के लिए छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने भी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इनमें अध्यक्ष हरीश मेहरा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि नंदन सिंह ऐठानी, नवीन भट्ट, कुंदन नेगी, अंकित ऐठानी, रोशन गढ़िया, दीपक धारियाल, भावना दानू आदि थे।