बागेश्वर। नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंडित बीडी पांडेय परिसर में छात्र संगठन अभाविप और एनएसयूआई ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। अभी किसी संगठन ने प्रत्याशियों के नाम तय नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि अन्य वर्षों की तरह इस बार भी अभाविप और एनएसयूआई के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
जिले में बीडी पांडेय परिसर के अलावा कांडा, कपकोट, गरुड़ और दुग नाकुरी में डिग्री कॉलेज हैं। सभी शिक्षण संस्थानों में चुनाव को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह है। शासन की ओर से प्रदेश में एक दिन चुनाव कराने की घोषणा पहले की जा चुकी है। अभी चुनाव की तिथि पर संशय है। शासन से पहले पांच नवंबर की तिथि घोषित हुई थी लेकिन अब सात नवंबर को चुनाव होने की बात सामने आ रही है। छात्र संगठन पूरी तैयारी के साथ प्रचार में जुट गए हैं।
बीडी पांडेय परिसर में प्राध्यापकाें की कमी, पेयजल, शौचालय की समस्या, हर साल परीक्षाफल में हो रही गड़बड़ी आदि समस्याओं को मुद्दा बनाकर छात्र संंगठन वोट हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मतदाताओं को प्रत्याशियों के चेहरे सामने आने का इंतजार है।
कोट
छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रचार शुरू कर दिया है। परिसर के साथ ही अन्य महाविद्यालयों में अभाविप छात्र हित के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ने जा रही है। प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जा रहे हैं। एक-दो दिन में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
- आशीष कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष/ जिला संयोजक अभाविप बागेश्वर
कोट
एनएसयूआई छात्रसंघ चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। परिसर के अलावा गरुड़, कपकोट और कांडा में प्रत्याशियों के नाम पर मंथन चल रहा है। जल्द प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर घोषित किए जाएंगे।
-कमलेश गढ़िया, जिलाध्यक्ष एनएसयूआई बागेश्वर।
कोट
परिसर में 30 अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के शासन से निर्देश मिले हैं। छात्रसंघ चुनाव की तैयारी चल रही है। पूर्व में शासन से पांच नवंबर को चुनाव कराने का पत्र मिला था। अब छात्रसंघ चुनाव की तिथि में संशोधन होने की सूचना मिल रही है। -डॉ. दीपा कुमारी, निदेशक पंडित बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर।