बागेश्वर। एक ओर नगर में पेयजल संकट है। दूसरी ओर पुरानी और जर्जर पाइप लाइनों से पानी की बर्बाद हो रहा है। मंडलसेरा-आरे बाईपास पर बानरी के पास सड़क किनारे से गुजर रही पाइप लाइन से कई दिनों से पानी रिसकर बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद विभाग ने इसकी सुध तक नहीं ली है।
नगर में रोजाना 5.55 एमएलडी पानी की जरूरत होती है। इसके सापेक्ष मात्र 3.05 एमएलडी पानी लोगों को मिल पाता है। पुरानी और क्षतिग्रस्त हो चुके पाइपलाइन के कारण कई घरों में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाती है। पेयजल संकट से जूझते लोगों को प्राकृतिक स्रोत और नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है। पूर्व में नगर के माल रोड पर बनी पाइपलाइन से आए दिन रिसाव होता था। विभाग ने इस लाइन की मरम्मत तो करा दी लेकिन अब मंडलसेरा में पिछले चार दिनों से पानी रिसकर बर्बाद हो रहा है।
ज्वालादेवी वार्ड में नहीं मिल रहा नियमित पानी
बागेश्वर। नगरपालिका के ज्वालादेवी वार्ड में भी लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नल से नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। तहसील रोड और मजियाखेत में कई घरों में पानी नहीं आने से लोगों में नाराजगी है। सभासद नीमा दफौटी ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर उपभोक्ताओं को साथ लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंडलसेरा बाईपास में पानी के रिसाव की सूचना नहीं मिली थी। कर्मचारियों को भेजकर लाइन को चेक कराकर जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाएगी। -सीएस देवड़ी, ईई जल संस्थान, बागेश्वर