बागेश्वर कलक्ट्रेट में डीएम का घेराव करते छात्र नेता।
- फोटो : अमर उजाला
पीजी कॉलेज बागेश्वर में छात्रसंघ चुनावों की तिथि को लेकर घमासान शुरू हो गया है। अधिकांश छात्र नेता चुनाव 23 सितंबर को कराने पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस ने इस अवधि में पुलिस फोर्स की कमी का हवाला देते हुए हाथ पीछे खींच दिए। इससे नाराज छात्रों ने पहले महाविद्यालय में हंगामा किया, उसके बाद बाइक रैली निकालकर कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। बाद में डीएम का घेराव कर 23 सितंबर को ही चुनाव कराने की मांग की।
शुक्रवार को छात्रसंघ चुनावों की तिथि की आधिकारिक घोषणा होनी थी। इसको लेकर महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई। पुलिस की ओर से 23 को सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवानों की कमी बताते हुए चुुनाव की तिथि आगे बढ़ाने की सलाह दी गई। इसके बाद कोई निर्णय नहीं हो सका। चुनावों की तिथि घोषित नहीं होने की जानकारी जैसे ही छात्र नेताओं को लगी उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
छात्र नेताओं ने पहले महाविद्यालय में हंगामा किया। इसके बाद बाइकों पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंच गए। कलक्ट्रेट में डीएम का घेराव करते हुए 23 सितंबर को ही चुनाव कराने की मांग पर अड़ गए। डीएम ने बताया कि चुनाव के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार महाविद्यालय प्रशासन और कमेटी का है। इसके बाद सभी छात्र नेता लौट आए। इस दौरान अंकुर उपाध्याय, कौशल, पंकज कुमार, गोविंद चंदोला, रणजीत रावत, दर्शन कठायत, सुंदर दानू आदि छात्र नेता शामिल थे। इस संबंध में कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि प्रदेश में वीवीआईपी दौरे की संभावना को देखते हुए 23 को छात्रसंघ चुनावों में पर्याप्त पुलिस फोर्स उपलब्ध करा पाना संभव नहीं है। इसी को देखते हुए चुनावों की तिथि 26 सितंबर के बाद तय करने का सुझाव महाविद्यालय प्रशासन को दिया है।