डाक कर्मियों ने 19 सूत्रीय मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल शुरू की है। चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इधर हड़ताल से कामकाज पूरी तरह ठप रहने के कारण लोगों को परेशानी हुई।
अखिल भारतीय कर्मचारी संघ ग्रुप सी और पोस्टमैन एमटीएस की ओर से मंगलवार को चौक बाजार स्थित डाकघर के डाक कर्मियों का दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू हो गया। हड़ताल से कामकाज पूरी तरह चौपट रहा। डाकघर से चिट्ठी वितरण, आरडी, एमआईएस वगैरह में भी काम काज नहीं हो सका।
वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सभी संवर्गों के रिक्त पदों पर भर्ती, नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी बहाल करने, सीएसआई और आरआईसीटी लागू होने के बाद बनी समस्याओं का समाधान, कमलेश चंद्रा की सकारात्मक सिफारिशों को लागू करने, डाकघरों में पांच दिन का सप्ताह लागू करने, एमएसीपी के लिए वेरी गुड के बेंच मार्क को समाप्त करने समेत 19 सूत्रीय मांगों को लटकाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहां केआर चूनेरा, पीएस नेगी, सीएसएस मेहता, प्रमोद कांडपाल, अंकिता पांडे, शंकर नाथ, नरेंद्र नेगी, जगदीश बनकोटी, मोहन पांडे, नंदा बल्लभ पंत, लकीर रहमान, प्रेम नाथ आदि शामिल थे।