ड्यूटी के दौरान कुछ कर्मचारियों द्वारा शराब पीने की शिकायतों को जिलाधिकारी रंजना ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने शराब पीकर कार्यालय में आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। मालूम हो कि जिलाधिकारी को कुछ विभागों में कर्मचारियों द्वारा शराब पीकर कार्यालय में उपद्रव मचाने की शिकायतें मिली थी।
इन शिकायतों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने ड्यूटी समय में शराब पीने और कार्यालय में अभद्रता करने पर सख्त नाराजगी जताई है। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को ऐसे कर्मचारियों को अपने स्तर से सचेत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कार्यालय समय में यदि कोई कर्मचारी शराब के नशे में पाया जाता है तो संबंधित कार्मिक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।