खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने कपकोट ब्लॉक के उच्च हिमालय क्षेत्र के आठ सरकारी खाद्यान्न गोदामों में खाद्यान्न और केरोसिन का भंडारण कर लिया है। यह गोदाम आपदा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील श्रेणी में आते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी जेएस कंडारी के अनुसार कपकोट ब्लॉक के उच्च हिमालयी क्षेत्र के बदियाकोट, कर्मी, खाती, बाछम, तलाई, सूपी, उगियां और गोगिना आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील श्रेणी में आते हैं। मानसून सत्र में पहाड़ियों के खिसकने से सड़कें और पैदल रास्ते बंद हो जाते हैं।
इस कारण इन इलाकों में खाद्यान्न और केरोसिन नहीं पहुंच पाता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को जरूरी सामग्री के लिए कई परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों के लिए दो हजार क्विंटल गेहूं, 3100 क्विंटल चावल और 8500 लीटर केरोसिन का भंडारण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के उपभोक्ता सितंबर तक खाद्यान्न और केरोसिन आसानी से ले सकेंगे।