बागेश्वर। बागेश्वर-कपकोट रूट में कंट्रीवाइड स्कूल के पास सड़क का सुधार, नाली निर्माण की मांग को लेकर कठायतबाड़ा की महिलाओं ने शनिवार को सड़क जाम कर दी। एक घंटे तक लगे जाम के दौरान दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं।
बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग में कंट्रीवाइड स्कूल के पास लंबे समय से सड़क खराब है। विभाग ने सड़क में सोलिंग तो कर दी है लेकिन इस पर डामरीकरण नहीं किया गया है। नाली न होने से गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है।
वाहनों के टायरों से सड़क में जमा पानी से दुकानों का सामान खराब हो रहा है। कई बार विभाग से कहने के बावजूद सुनवाई न होने पर क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र की महिलाओं ने शनिवार को सुबह 11 बजे सड़क जाम कर दी।
करीब एक घंटे तक लगे जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। बाद में कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, एसडीएम फिंचाराम चौहान ने मौके पर पहुंचकर वार्ता की।
एडीबी के अधिकारियों ने रविवार से सड़क, नाली का काम शुरू करने का आश्वासन दिया। तभी जाम खोला गया। जाम लगाने वालों में गिरीश खेतवाल, रज्जू नगरकोटी, गणेश धपोला, हरीश आर्या, सरस्वती कालाकोटी, चंपा गड़िया, जानकी, हीरा बल्लभ भट्ट आदि थे।
बागेश्वर। बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग में करीब एक घंटे तक जाम रहा। जाम में जबरन वाहन ले जाने का प्रयास करने वाले लोगों को महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने दोपहिया वाहनों पर सवार कुछ युवकों को चांटे तक मारे। इसके बाद किसी ने भी जबरदस्ती वाहन ले जाने का साहस नहीं जुटाया।