कपकोट में सरयू बचाओ अभियान की बैठक में मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सरयू बचाओ अभियान के तहत लोनोवि कपकोट के डाक बंगले में विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सरयू नदी में हो रहे खनन और निर्माण कार्यों को रोकने की मांग की गई।
गीता ऐठानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जीवनदायिनी सरयू नदी प्रदूषण और अतिक्रमण की चपेट में है। वक्ताओं ने सरयू के उद्गम सरमूल को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, नदी में गिराए जाने वाले कचरे पर सख्ती से रोक लगाने, नदी में मशीनों से हो रहे खनन कार्य और अवैध निर्माण कार्यों पर रोक लगाने, विद्युत परियोजनाओं द्वारा लिखित शर्त के अनुसार पानी नदी में छोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक में सभी युवाओं से सरयू नदी की सुरक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। तय किया गया कि इस मांग को लेकर 12 मार्च को प्रशासन को ज्ञापन दिया जाएगा। यदि इस मामले में उचित पहल नहीं हुई तो क्षेत्रीय युवा आंदोलन को बाध्य होंगे।
बैठक में राजेंद्र कपकोटी, दीपक गढ़िया, उमेश जोशी, रमेश पांडे कृषक,गोविंद बिष्ट, हरीश ऐठानी, हरीश कपकोटी, महेश गढ़िया, नवीन जोशी, प्रकाश जोशी, भानु गढ़िया, भुवन गढ़िया आदि थे।