कपकोट (बागेश्वर)। असामाजिक तत्वों ने कपकोट पेयजल योजना के मेनलाइन के नलों में पॉलिथीन, पत्थर, कपड़े ठूंस दिए थे। इससे योजना से क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी कम आ रहा था जबकि कई हिस्सों में पानी आना बंद हो गया था। जिस कारण क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा था।
पेयजल संस्थानकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से पाइप लाइन को साफ किया। इस दौरान पाइपों से पॉलिथीन, कपड़े, पत्थर के टुकड़े निकाले गए। पेयजल संस्थानकर्मी राजेंद्र बिष्ट, दरबान सिंह, रमेश, अमर राम, शेर सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने कपकोट-दूणी सड़क से लेकर मंगरुधारा तक के नलों की लाइनों को चोक कर दिया था। जिस कारण पेयजल योजना कई जगह चोक हो गई थी। अब कपकोट में पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। भाजयुमो के नगर अध्यक्ष तनुज तिरुवा ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।