यहां आयोजित जूनियर बालक- बालिका राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता संपन्न हो गई। बालक वर्ग में एमपीएससी के पवन बड्थवाल और बालिका वर्ग में देहरादून की अर्चना थापा बेस्ट बॉक्सर घोषित किए गए। बालक वर्ग में एसटीसी काशीपुर और बालिकाओं में पिथौरागढ़ की टीम को चैंपियनशिप मिली।
रविवार को बागेश्वर के नुमाइशखेत मैदान में बॉक्सिंग के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालक वर्ग के मुकाबलों में एमपीएससी के पवन बड्थवाल बेस्ट बॉक्सर घोषित किए गए। एसटीसी के पवन कुमार बेस्ट चेलेंजिंग बॉक्सर जबकि कोटद्वार के मनीष कुमार बेस्ट प्रमोटिंग बॉक्सर रहे।
37 प्वाइंट के साथ एसटीसी की टीम को चैंपियनशिप मिली। बालिकाओं के मुकाबले में देहरादून की अर्चना थापा बेस्ट बॉक्सर रही। देहरादून की पायल शर्मा बेस्ट चैलेंजिंग बॉक्सर, बागेश्वर की कविता बेस्ट प्रमोटिंग बॉक्सर घोषित की गई। बालिकाओं में 12 अंकों के साथ पिथौरागढ़ को टीम चैंपियनशिप मिली।
प्रतियोगिता के समापन के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और विशिष्ट अतिथि डीएम मंगेश घिल्डियाल थे। विजेता बॉक्सरों को मुख्य अतिथि ने ट्रॉफी प्रदान की। सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश लाल ने अपने हाथों से बनाई लकड़ी की ट्रॉफी दोनों चैंपियन रही टीमों को दी। इस दौरान पालिका अध्यक्ष गीता रावल, सीईओ आरसी आर्य, कोषाधिकारी भाष्करानंद पांडे, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकर्जी निर्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी, केशर सिंह मेहता, नितेश रावत, फिरोज अख्तर, सुल्तान खान, नवीन टम्टा आदि थे।