बागेश्वर। कांग्रेस की असंतुष्ट महिला नेताओं में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नोटिस की चेतावनी के बाद असंतोष और बढ़ गया है। यही कारण है कि दो महिला नेताओं के बाद तीन और खुलकर सामने आ गई हैं। अब पूरे मामले में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के बागेश्वर दौरे पर सभी की नजर टिकी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य/महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री गीता रावल, कांग्रेस महिला सेवादल की पूर्व जिलाध्यक्ष/पूर्व कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा कांग्रेस में महिलाओं को सम्मान न मिलने का आरोप लगाते हुए बीते 18 अप्रैल को मुखर हुईं थीं। 19 अप्रैल को अमर उजाला में असंतोष की खबर प्रकाशित होने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कांग्रेस की महिला नेताओं के बयान को अनुशासनहीनता बताते हुए नोटिस जारी करने की बात कही थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नोटिस की चेतावनी के बाद कांंग्रेस नेता गीता रावल और सुनीता टम्टा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी। महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव इंदिरा जोशी, महिला कांग्रेस की निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी धर्मशक्तू, महिला कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कमला जोशी ने भी उपेक्षा का आरोप लगाकर पार्टी को असहज कर दिया। शुक्रवार को अमर उजाला को प्रतिक्रिया देते हुए महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष से इस संबंध में बात करने के साथ ही स्वयं एक दो दिन में बागेश्वर आने की बात कही थी। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने मामले को सुलझाने की बात कही थी। अब सबकी नजर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बागेश्वर दौरे पर टिक गई है।