बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को गोरखपुर (यूपी) के सांसद रवि किशन शुक्ला की सराहना मिली है। उन्होंने एसपी को कोरोना योद्धा सेवा सम्मान से किया सम्मानित किया है।
एसपी मिश्रा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही देववाणी संस्कृत में कोरोना से बचाव के लिए बनाए गए श्लोकों का संकल्प दिला रहे हैं। यह स्लोक उन्होंने स्वयं तैयार किया है। बीते दिनों उन्होंने विवाह समारोहों में पहुंचकर वर, वधू के साथ ही बराती और घरातियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए संकल्प दिलाया। जिले में भी एसपी के इस अभियान को खासी सराहना मिली।
सोशल मीडिया के माध्यम से इस अनूठी पहल की जानकारी मिलने पर गोरखपुर के लोकसभा सांसद रवि किशन शुक्ला ने एसपी को भेजे कोरोना योद्धा सेवा सम्मान पत्र में अभियान की सराहना की है। कहा है कि एसपी की अनूठी पहल का लोगों पर असर पड़ेगा। लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए प्रेरित होंगे।
पुलिस अधीक्षक ने सम्मान के लिए गोरखपुर के सांसद का आभार जताया है। कहा है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी लोगों को सजग रहना चाहिए। क्योंकि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है।