विकास खंड के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम प्रधान संगठन ने वन विभाग से ग्राम पंचायतों को फायर सीजन से पहले हक-हकूक की पेड़ों का आवंटन जल्द करने को कहा है। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ने एलान किया है कि आवंटन जल्द नहीं किया गया तो प्रधान फायर सीजन में वन विभाग को सहयोग नहीं देंगे।
ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नवीन ममगई समेत तमाम पंचायत प्रतिनिधियों ने डीएफओ बागेश्वर को ज्ञापन भेजा है। जिसमें कहा गया है कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। इसके बावजूद वन विभाग ने ग्राम पंचायतों को हक-हकूक के पेड़ों का आवंटन नहीं किया है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण भवन निर्माण के लिए हल्द्वानी आदि शहरों से महंगे दामों पर लकड़ी खरीदने को मजबूर हैं। प्रधानों ने वन विभाग से सप्ताहभर में पेड़ आवंटित नहीं हुए तो ग्राम प्रधान फायर सीजन में वन विभाग को कतई सहयोग नहीं देंगे।
ज्ञापन में भगरतोला के प्रधान चंदन बोरा, सुराग के प्रधान रघुवीर सिंह, बिमोला के हरी राम, कौसानी के रवींद्र नेगी, गढ़खेत के भुवन चंद्र, बैजनाथ की अनीता गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य गोदावरी, कोलतुलारी के मंगल राणा, माल्दे की कमला बिष्ट के हस्ताक्षर हैं।